सरायकेला/ Bipin Varshney जिले के गम्हरिया स्थित टायो कॉलोनी निवासी आयुष कुमार ने प्रतिष्ठित भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) परीक्षा में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. वर्ष 2025 की परीक्षा में उन्होंने ऑल इंडिया रैंकिंग में 143वां स्थान प्राप्त किया है.

आयुष कुमार प्रदीप कुमार के पुत्र हैं और उनका निवास गम्हरिया की टायो कॉलोनी में है. उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा विद्या ज्योति स्कूल, गम्हरिया से प्राप्त की. इसके बाद उन्होंने प्लस टू की पढ़ाई चिन्मया विद्यालय, साउथ पार्क, बिष्टुपुर से पूरी की.
उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने गुरु घांसीदास विश्वविद्यालय, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) से स्नातक की पढ़ाई पूरी की. वर्तमान में आयुष कुमार बेंगलुरु में आईटी विभाग में कार्यरत हैं.
उन्होंने बताया कि माता- पिता के आशीर्वाद और निरंतर मेहनत के बल पर उन्होंने नौकरी के साथ- साथ सेल्फ स्टडी के माध्यम से यूपीएससी परीक्षा की तैयारी की. कड़ी मेहनत और अनुशासन के दम पर उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में यह बड़ी सफलता हासिल की.
आयुष की इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा है और इससे पूरे जिले का नाम रोशन हुआ है.

