सरायकेला: नगर निकाय चुनाव के दौरान एक प्रेरक और भावुक तस्वीर सामने आई. वार्ड संख्या 5 स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय इन्द्रटांडी मतदान केंद्र पर उस समय विशेष माहौल बन गया, जब दुल्हन के जोड़े में सजी कुमकुम मुखी अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचीं.

मदन मुखी की सुपुत्री कुमकुम मुखी की शादी और विदाई का कार्यक्रम सोमवार को निर्धारित था. विवाह की सभी रस्मों और पारिवारिक व्यस्तताओं के बीच उन्होंने लोकतंत्र के इस महापर्व को प्राथमिकता दी और पहले मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला.
मतदान केंद्र पर मौजूद मतदाता और कर्मी दुल्हन को देखकर भावुक हो उठे. शादी की तैयारियों के बीच मतदान करने पहुंची कुमकुम की पहल की हर कोई सराहना करता दिखा. उनके साथ पिता मदन मुखी और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे.
मतदान के बाद कुमकुम मुखी ने अपनी उंगली पर लगी स्याही दिखाते हुए कहा कि विवाह उनका व्यक्तिगत निर्णय है, लेकिन मतदान एक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है. उन्होंने युवाओं और महिलाओं से अपील की कि वे हर हाल में अपने मताधिकार का प्रयोग करें. उनकी इस पहल ने क्षेत्र में सकारात्मक संदेश दिया है. शादी के शुभ अवसर पर लोकतंत्र के प्रति समर्पण की यह तस्वीर अब चर्चा का विषय बनी हुई है और मतदाताओं को जागरूक करने का उदाहरण पेश कर रही है.

