सरायकेला/ Pramod Singh सीनी ओपी अंतर्गत जगन्नाथपुर गांव स्थित स्कूल के समीप शनिवार देर शाम हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक अज्ञात व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया.

अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा इलाज जारी था, लेकिन रविवार देर शाम घायल व्यक्ति ने दम तोड़ दिया. पुलिस के अनुसार मृतक के पास से कोई पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी शिनाख्त में परेशानी हो रही है.
जांच के दौरान दुर्घटनाग्रस्त बाइक का निबंधन आदित्यपुर निवासी संजय कुमार के नाम पर पाया गया. हालांकि पुलिस द्वारा संपर्क किए जाने पर संजय कुमार ने किसी भी प्रकार की बाइक खरीदने से इनकार किया है. इस बिंदु पर पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और बाइक के वास्तविक उपयोगकर्ता तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.
पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और पहचान सुनिश्चित करने के लिए 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा. निर्धारित समय तक पहचान नहीं होने की स्थिति में नियमानुसार आगे की कार्रवाई करते हुए शव का अंतिम निपटान किया जाएगा. मामले को लेकर पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है.

