सरायकेला: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला अनाबद्ध निधि से वित्तपोषित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में निदेशक डीआरडीए अजय तिर्की, जिला योजना पदाधिकारी सोनी कुमारी, विभिन्न कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और संबंधित कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.

बैठक में अनाबद्ध निधि अंतर्गत स्वीकृत विकास योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई. उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्ष 2022 से 2024 के बीच स्वीकृत एवं अब तक लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर इसी माह पूर्ण किया जाए, जबकि अन्य शेष विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय- सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए.
उपायुक्त ने निर्माण एवं विकास कार्यों में गुणवत्ता, तकनीकी मानकों, सुरक्षा प्रावधानों और पारदर्शिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया. साथ ही कार्यों का नियमित निरीक्षण कर भौतिक प्रगति का सत्यापन करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं करने के निर्देश दिए.
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि अनावश्यक विलंब या अनुबंध शर्तों का उल्लंघन करने वाले संवेदकों के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाए और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए.
अंत में उपायुक्त ने सभी कार्यकारी एजेंसियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि जिले में संचालित विकास योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुँच सके.

