सरायकेला: खरसावां थाना पुलिस ने पटवन विवाद में पति- पत्नी एवं डायन- बिसाही मामले में बुजुर्ग महिला की हत्या का सनसनीखेज खुलासा करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है. इस खुलासे ने सबको चौंका दिया है. एक घटना जो मामूली विवाद से शुरू होकर दोहरे हत्याकांड में बदल गई, वहीं दूसरी घटना अंधविश्वास के घातक स्वरूप को उजागर करती है. दोनों मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया है.

पहली वारदात: खेत में पानी पटाने के विवाद में पति-पत्नी की हत्या
खरसावां के रायजामा गांव के चेतानपुरा टोला में 39 वर्षीय ठाकुरा सरदार और उनकी 41 वर्षीय पत्नी चाँदमनी मुंडा की लाठी- डंडों से पीट- पीटकर हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, यह विवाद खेत में पानी पटाने को लेकर पड़ोसियों के बीच शुरू हुआ, लेकिन धीरे- धीरे इतना हिंसक हो गया कि हमलावरों ने दोनों की निर्मम हत्या कर दी.
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए पति- पत्नी के शवों को पास के ही खेत में गाड़ दिया. करीब 10 दिन बाद पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दोनों शवों को जमीन से बाहर निकाला गया. शवों की स्थिति बेहद खराब होने के कारण उन्हें पोस्टमार्टम और विसरा जांच के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा गया है. पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपियों लोथो सरदार, गोंदो सरदार और बुंदिया सरदार को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की तफ्तीश जारी है.

मृतकों की तस्वीर
दूसरी वारदात: डायन- बिसाही के आरोप में वृद्धा की हत्या
दूसरी घटना अंधविश्वास का भयावह चेहरा सामने लाती है. रायजामा निवासी 62 वर्षीय गुरुवारी सरदार 31 अक्टूबर से लापता थीं. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की और शक के आधार पर गांव के ही गुरबा सरदार और सोमा सरदार को हिरासत में लिया. कड़ी पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने वृद्धा पर डायन- बिसाही का आरोप लगाया और इसी अंधविश्वास के चलते उनकी हत्या कर शव को गोबरगोटा पहाड़ के पास जमीन में दफना दिया. आरोपियों की निशानदेही पर मंगलवार को पुलिस ने शव बरामद कर लिया. एसडीपीओ समीर कुमार सवैया ने मामले पुष्टि की करते हुए कहा कि दोनों मामलों में आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. पुलिस का कहना है कि ऐसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई कर क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति लोगों की चिंता को कम किया जाएगा. इधर जिला परिषद अध्यक्ष सोना राम बोदरा ने दोनों घटनाओं पर गहरा शोक व्यक्त किया है और विशेषकर आदिम जनजाति क्षेत्रों में जागरूकता अभियानों को तेज करने की जरूरत पर जोर दिया है, ताकि अंधविश्वास और आपराधिक प्रवृत्तियों पर नियंत्रण पाया जा सके.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
