सरायकेला: जिले के कुचाई प्रखंड से हजारों की संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग रविवार को रांची में आयोजित आदिवासी महाजुटान (आक्रोश रैली) में शामिल हुए. रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित इस विशाल रैली में कुड़मी/ महतो समुदाय को एसटी सूची में शामिल करने की मांग के विरोध में राज्यभर के आदिवासी संगठनों ने अपनी एकजुटता दिखाई.

कुचाई प्रखंड से करीब 125 सवारी गाड़ियों में सवार होकर लगभग दस हजार आदिवासी समुदाय के लोग रांची पहुंचे. रैली में तख्तियां और बैनर लेकर प्रतिभागियों ने विरोध प्रदर्शन किया और नारे लगाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि कुड़मी/ महतो को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल करना असंवैधानिक और आदिवासी समुदाय के अधिकारों के साथ अन्याय है.
आदिवासी एकता मंच, कुचाई के बैनर तले पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि वे अपने पारंपरिक अधिकार, संस्कृति और पहचान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे. कार्यक्रम में मुख्य रूप से मंगल सिंह मुंडा, भरत सिंह मुंडा, दशरथ उरांव, मान सिंह मुंडा, रामचंद्र सोय, मुखिया मंगल सिंह मुंडा, करम सिंह मुंडा, सतरी सांगा, धर्मेंद्र सिंह मुंडा, लखीराम मुंडा, मुन्ना सोय, सुखदेव सरदार, जिप सदस्य जिंगी हेंब्रम, घनश्याम मुंडा, मदन सिंह मुंडा, गणेश राम मुंडा, बबलु सोय, पार्वती गागराई सहित बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग मौजूद रहे.

