सरायकेला/ Pramod Singh सीनी स्थित आदिवासी दिशोम जाहेरगाढ़ में बाहा पर्व महोत्सव के आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता मांझी बाबा कान्हुराम माझी ने की. सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 1 मार्च, रविवार को दिशोम जाहेरगाढ़ परिसर में पारंपरिक रीति- रिवाज के साथ बाहा पर्व महोत्सव मनाया जाएगा.

बैठक में सभी गांवों के माझी बाबा को नेवता गिरा देने पर चर्चा की गई. कार्यक्रम को पूरी तरह पारंपरिक स्वरूप में आयोजित करने पर सहमति बनी. आयोजन स्थल की साफ- सफाई, पूजा व्यवस्था और समाज के विशिष्ट लोगों को सम्मानित करने का भी निर्णय लिया गया.
बताया गया कि सीनी में वर्ष 2009 से लगातार बाहा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. यह पर्व क्षेत्र का प्रमुख आदिवासी सांस्कृतिक उत्सव बन चुका है. इस वर्ष भी विभिन्न आदिवासी सांस्कृतिक नृत्य दलों के आगमन की तैयारी की जा रही है, जिससे कार्यक्रम को और भव्य रूप दिया जा सके.
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति के अध्यक्ष के रूप में कान्हुराम माझी का चयन किया गया.
बैठक में दुगनी परगाना बाबा दिवाकर सोरेन, नायके बाबा बाबलु मुर्मू, सीनी मुखिया जवन्ती मुर्मू, मोहितपुर मुखिया सुर्यमनी हेम्ब्राम, अलादी हांसदा, मंगला सरदार, योगेश्वर किस्कू, सुखलाल सोरेन, विशाल हांसदा, जगदीश सोरेन, तारकनाथ मांझी और दीपक मांझी सहित समाज के कई लोग उपस्थित रहे.

