सरायकेला: पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर बुधवार को ट्रैफिक पुलिस ने जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विशेष अभियान चलाया. इस अभियान के तहत टाटा- कांड्रा सर्विस रोड सहित कई स्थानों पर वाहनों की जांच की गई और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई.


ट्रैफिक प्रभारी अजय कुमार तिवारी ने बताया कि टाटा- कांड्रा सर्विस रोड पर अवैध रूप से पार्किंग करने वाले कुल 9 वाहनों से 48300 रुपये का जुर्माना वसूला गया. वहीं सिग्नल जंपिंग के 15 मामलों में 5500 रुपये का जुर्माना लिया गया. उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क पर अनुशासन बनाए रखना, दुर्घटनाओं को रोकना और आम लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है.

इसके अलावा कांड्रा में ड्रंक एंड ड्राइव अभियान भी चलाया गया, जिसमें नशे की हालत में वाहन चलाने वालों की जांच की गई. हालांकि इस दौरान कोई भी वाहन चालक नशे की हालत में नहीं पाया गया, लेकिन पुलिस ने चेतावनी दी कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई होगी.

ट्रैफिक प्रभारी ने कहा कि यह अभियान नियमित रूप से चलाया जाएगा ताकि जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके. पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा में सहयोग करें.

