सरायकेला: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात थाना सरायकेला- खरसावां द्वारा गुरुवार को अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया. यह अभियान शेर-ए- पंजाब मोड़ से गम्हारिया थाना चौक तक संचालित किया गया.

अभियान का नेतृत्व यातायात थाना प्रभारी राजू ने अपने यातायात कर्मियों के साथ किया. इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े चालक विहीन वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई.
जांच के क्रम में कुल 41 वाहनों पर ऑनलाइन चालान करते हुए करीब दो लाख चालीस हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.
अभियान के दौरान वाहन चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया गया. पुलिस ने अपील की है कि सड़क पर अनियमित पार्किंग से बचें, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो और यातायात सुचारू बना रहे.

