सरायकेला: उपभोक्ता वस्तुओं पर जीएसटी दरों में भारी कटौती को लेकर व्यापारिक संगठनों ने सरकार के निर्णय का स्वागत किया है. सरायकेला नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष सह जिला चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के महासचिव मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि जीएसटी काउंसिल का यह ऐतिहासिक निर्णय आम लोगों और व्यापारियों दोनों के लिए राहत की बात है. उन्होंने प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि अब जीएसटी के मौजूदा चार स्लैब—5, 12, 18 और 28 प्रतिशत—को घटाकर 5 और 18 प्रतिशत कर दिया गया है. इससे जरूरत के सामान सस्ते होंगे और टैक्स वसूली की प्रक्रिया पारदर्शी बनेगी.

मनोज चौधरी ने कहा कि कटौती से छोटे व्यापारियों को व्यापार करना आसान होगा और महंगाई पर भी करारा प्रहार होगा. वहीं, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं, किसानों द्वारा उपयोग किए जाने वाले उपकरण, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा और इलेक्ट्रॉनिक सामान पहले से कहीं ज्यादा सस्ते होंगे.
गौरतलब है कि अमेरिकी टैरिफ का मुकाबला करने और घरेलू मांग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकार ने यह कदम उठाया है. इसके तहत साबुन से लेकर छोटी कारों तक सैकड़ों उपभोक्ता वस्तुओं पर जीएसटी दरों में कटौती की गई है.

