सरायकेला: समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में पर्यटन, कला, संस्कृति, खेल- कूद एवं युवा कार्य विभाग से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार तथा विभिन्न कार्य प्रभागों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे.

बैठक में जिले के 45 अधिसूचित पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों की अद्यतन समीक्षा की गई. जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि इनमें से 2 स्थल ग्रेड-A, 3 ग्रेड-B, 7 ग्रेड-C और 33 ग्रेड-D श्रेणी में चिह्नित किए गए हैं. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी स्थलों की डीपीआर शीघ्र तैयार कर विभाग को भेजी जाए, ताकि स्वीकृति प्राप्त होने के बाद विकास कार्य समयबद्ध ढंग से प्रारंभ हो सके.
उपायुक्त ने कहा कि पर्यटन स्थलों पर जारी सभी विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तथा निर्धारित अवधि में पूरा किया जाए. उन्होंने कहा कि इससे जिले के पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय लोगों की आजीविका को भी प्रोत्साहन मिलेगा.
बैठक में खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग से संबंधित योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई. उपायुक्त ने स्टेडियम, प्रशिक्षण केंद्र, छात्रावास निर्माण एवं खेल परिसर विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए कहा कि इन कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कर विभाग को हस्तांतरित किया जाए. उन्होंने निर्देश दिया कि पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का क्लोजर सुनिश्चित किया जाए, ताकि संसाधनों का प्रभावी उपयोग हो सके और नई योजनाओं को गति मिले.
उपायुक्त ने सिधो-कान्हू युवा खेल क्लबों की गतिविधियों की समीक्षा करने और युवाओं को खेल व सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में ठोस पहल करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पर्यटन एवं खेल विभाग आपसी समन्वय से संभावनाशील स्थलों की पहचान करें और पर्यटन संभावनाओं वाले क्षेत्रों में आवश्यक अवसंरचना विकसित करें. साथ ही प्रत्येक योजना की मासिक प्रगति रिपोर्ट जिला कार्यालय को प्रेषित करने का भी निर्देश दिया.
अंत में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि पर्यटन, कला, संस्कृति और खेल विभाग की योजनाएँ जिले की सांस्कृतिक पहचान, खेल प्रतिभा संवर्धन और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. उन्होंने सभी विभागों से पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और समयबद्धता के साथ कार्य करने की अपेक्षा की.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
