सरायकेला: राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत “टोबैको फ्री यूथ कैंपेनिंग 3.0” का शुभारंभ गुरुवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह द्वारा समाहरणालय परिसर, सरायकेला में किया गया.

इस अवसर पर उपायुक्त ने जन-जागरूकता रथ (प्रचार वाहन) को हरी झंडी दिखाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की.
उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू सेवन से उत्पन्न घातक प्रभावों से समाज को सुरक्षित रखने के लिए सामूहिक जन-आंदोलन की आवश्यकता है. युवाओं को नशे की लत से दूर रखना तथा प्रत्येक घर को तंबाकूमुक्त बनाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है.
उन्होंने बताया कि यह जागरूकता वाहन जिले के विभिन्न ग्राम-पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार भ्रमण करेगा और लोगों को तंबाकू के सेवन से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगा.
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि:
जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकूमुक्त घोषित किया जाए.
COTPA-2003 की धारा 6(b) के प्रावधानों के अनुसार शैक्षणिक संस्थानों की 100 मीटर परिधि में किसी भी प्रकार के तंबाकू उत्पाद की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए.
शिक्षा विभाग के शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान कर तंबाकूमुक्त शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जाए.
अभियान के तहत दिनांक 09 अक्टूबर, 2025 से 07 दिसंबर, 2025 तक जिले के लगभग 400 विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को तंबाकूमुक्त घोषित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके साथ ही, पुलिस विभाग के सहयोग से विशेष छापेमारी अभियान चलाकर COTPA-2003 के प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा.
जन-जागरूकता के अंतर्गत अधिकारियों, चिकित्सकों, खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों एवं सेलिब्रिटीज की सहभागिता से टॉक शो, हस्ताक्षर अभियान, प्रभात फेरी, वॉल पेंटिंग, नुक्कड़ नाटक आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. इसके अतिरिक्त, कम से कम 30 ग्राम पंचायतों को “तंबाकूमुक्त ग्राम” घोषित करने का लक्ष्य रखा गया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन जन-जागरूकता अभियान चलाकर नागरिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में विशेष पहल की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें. इस अवसर पर सिविल सर्जन, डी.आर.सी.एच.ओ. एवं अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
