चांडिल/ Vikash Thakur
सरायकेला जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र के चोकेंगाड़िया गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां शौच के लिए निकली एक बुजुर्ग महिला का पैर फिसल गया और वह पास के कुएं में गिर गई, जिससे उनकी मौत हो गई. मृतका की पहचान लगभग 80 वर्षीय बटन मांझी के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय लाल मांझी की पत्नी थीं.

ग्रामीणों के अनुसार बुजुर्ग महिला रोज की तरह सुबह घर से बाहर निकली थीं. इसी दौरान संतुलन बिगड़ने के कारण वह सीधे कुएं में गिर गईं. पानी में डूबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
सूचना पाकर तिरुलडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से निकाला गया. पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया. घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.

