सरायकेला: समाहरणालय सभागार में झारखण्ड उत्पाद नियमावली 2025 के अंतर्गत जिले की 56 खुदरा उत्पाद दुकानों की बंदोबस्ती प्रक्रिया ऑनलाइन ई- लॉटरी प्रणाली के माध्यम से सफलतापूर्वक संपन्न हुई. इस अवसर पर उपायुक्त- सह- जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह, उत्पाद अधीक्षक सौरभ तिवारी, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी रितुराज प्रियदर्शी सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रतिभागी उपस्थित थे.

जिले की 56 दुकानों को 25 समूहों में विभाजित किया गया था, जिनका न्यूनतम प्रत्याभूत राजस्व 162.80 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया. प्रक्रिया की शुरुआत उन तीन दुकानों से की गई, जिनमें सर्वाधिक आवेदन प्राप्त हुए थे. इन दुकानों की लॉटरी का प्रदर्शन डेमो के रूप में किया गया. तत्पश्चात सभी आवेदकों की उपस्थिति में शेष दुकानों की बंदोबस्ती ई-लॉटरी प्रणाली द्वारा पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई गई.
प्रत्येक दुकान के लिए प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेता घोषित किए गए. यदि प्रथम विजेता निर्धारित राशि जमा करने में असफल रहता है तो क्रमशः द्वितीय और तृतीय विजेता को अवसर प्रदान किया जाएगा. इस प्रक्रिया में कुल 292 आवेदकों ने भाग लिया और आवेदन शुल्क के रूप में सरकार को 96 लाख 55 हजार 940 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ.
यह बंदोबस्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष रही. ऑनलाइन ई-लॉटरी प्रणाली ने इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अधिकारियों व आवेदकों की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया सुचारू और सफलतापूर्वक संपन्न हुई.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
