सरायकेला/ Pramod Singh झारखंड के अंगीभूत महाविद्यालयों से 12वीं की पढ़ाई को स्थानांतरित करने एवं 11वीं के नामांकन बंद करने के खिलाफ छात्रों ने सरायकेला खरसावां जिला उपायुक्त कार्यालय का घेराव के साथ प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन में जिले के महाविद्यालयों से सैकड़ों छात्र शामिल हुए.

छात्रों की मांग
छात्र प्रतिनिधि विशेश्वर महतो ने कहा कि सरकार बिना सोचे- समझे और बिना समुचित ढाँचागत तैयारी के जो कदम उठा रही है, उससे हजारों छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा. उन्होंने कहा कि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा राज्य के प्रत्येक जिलों के उपायुक्त के नाम विगत 12 जून को निर्देश आया है, जिसमें 12वीं की कक्षा को भी अंगीभूत महाविद्यालयों से 5 किलोमीटर की परिधि में स्थित विद्यालयों में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया गया है.
छात्रों का विरोध
छात्रों ने विरोध करते हुए कहा कि अंगीभूत महाविद्यालयों के 12वीं सत्र (2024- 26) को महाविद्यालय में ही उनकी पूर्ण पढ़ाई करने दिया जाए. साथ ही ग्यारहवीं का नामांकन महाविद्यालय में लिया जाए, जब तक कि हजारों छात्रों को कम फी- स्ट्रक्चर में प्लस टू अपग्रेडेड स्कूलों में इंफ्रास्ट्रक्चर और शिक्षकों की व्यवस्था न की जाए.
आंदोलन की चेतावनी
छात्रों ने आंदोलन की चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे आगे भी आंदोलन जारी रखेंगे. आगामी 15 जुलाई को राज्य स्तरीय राजभवन में धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में छात्रों को शामिल होने के लिए अपील की गई है.

