सरायकेला: लातेहार के महुआटांड में आयोजित 17वीं झारखंड राज्य क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में सरायकेला- खरसावां जिला एथलेटिक्स टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है. महिला वर्ग 10 किलोमीटर दौड़ में पानो बास्के ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक पर कब्जा जमाया.

इसी प्रतियोगिता के आधार पर रांची में दिनांक 24 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप के लिए जिले की तीन एथलीटों का चयन किया गया है. महिला वर्ग 10 किलोमीटर दौड़ में पानो बास्के और नलिता सिंह मुंडा ने स्थान प्राप्त किया, जिसमें नलिता सिंह मुंडा ने प्रतियोगिता में पांचवां स्थान हासिल किया. वहीं अंडर-20 बालक वर्ग 8 किलोमीटर दौड़ में मुकेश कुमार ने भी पांचवां स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया.
इसके अलावा जिला एथलेटिक्स टीम ने महिला ग्रुप में उपविजेता बनने का गौरव भी प्राप्त किया है. जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन सरायकेला- खरसावां के सचिव सिकंदर महतो ने बताया कि इस टीम की इस सफलता में डाटम के लक्षण महतो का पूर्ण सहयोग रहा है. इस उपलब्धि पर जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन सिंह राजपूत, कोषाध्यक्ष विष्णु नारायण सिंह, कर्मु मंडल सहित सभी पदाधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों और सहयोगियों को बधाई दी है.

