सरायकेला/ Pramod Singh सरायकेला- खरसावां जिला के चार खिलाड़ियों ने धनबाद के चंदनकियारी में आयोजित 14 वां झारखंड राज्य सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में एक स्वर्ण सहित चार पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया है.

जानकारी देते हुए जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव सिकंदर महतो ने बताया कि उक्त प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जिले के छह खिलाड़ियों को रवाना किया गया था. जिसमें से दो एथलीट्स प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सके. प्रतियोगिता में भाग लेने वाले जिले के चारों खिलाड़ियों ने पदक हासिल किया. उन्होंने बताया कि जिले की खिलाड़ी निकिता कुमारी ने शॉटपुट प्रतिस्पर्धा में अपना परचम लहराते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया. वही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले दूसरे खिलाड़ी आदित्य बेरा को 1500 मी की दौड़ प्रतियोगिता में रजत पदक एवं 800 मीटर की दौड़ प्रतियोगिता में कांस्य पदक प्राप्त हुआ, जबकि 5000 मी की दौड़ प्रतियोगिता में नारा हेस्सा ने कांस्य पदक तथा 10 हजार मीटर दौड़ प्रतियोगिता में चौथा स्थान प्राप्त करने में कामयाबी हासिल किया है. सिकंदर महतो ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंची बेबी महतो अभ्यास के दौरान गिर गई थी जिसके कारण उसके पैर में चोट आ गई थी. वहीं दूसरे खिलाड़ी आकाश कुमार के पैर में प्रतियोगिता के पहले वार्मअप के दौरान मोच आ गई थी जिसके कारण दोनों खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सके. उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों को एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन सिंह राजपूत, उपाध्यक्ष गणेश चंद्र महतो एवं लक्ष्मण महतो, कोषाध्यक्ष विष्णु नारायण सिंह, संयुक्त सचिव करमू मंडल, चंदन कुमार एवं राजेश कुमार ने अपनी शुभकामनाएं दी है. कहा कि खिलाड़ियों के इस कामयाबी में टीम के मैनेजर नरेंद्र महतो का बहुत बड़ा योगदान रहा है. उन्होंने पुरुलिया में बारिश में फंसे एक खिलाड़ी को अपने बाइक से रात के 9 बजे चन्दनकियारी पहुंचाया जिसके बाद दूसरे दिन खिलाड़ी प्रतियोगिता में शामिल हुआ और जिला के लिए मेडल प्राप्त करने में कामयाब रहा.

