सरायकेला/ Pramod Singh सरायकेला में “मेरा युवा भारत” कार्यक्रम के तहत सरायकेला- खरसावां युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित प्रखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन समारोह रविवार को संपन्न हुआ. इस अवसर पर मुख्य अतिथि समाजसेवी सह नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया.

समापन समारोह में मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि खेलकूद स्वस्थ और समृद्ध राष्ट्र की नींव है. आज के समय में खेल सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि करियर और फिटनेस का भी एक सशक्त जरिया बन चुका है. उन्होंने कहा कि भारत सरकार और झारखंड सरकार द्वारा ‘खेलो इंडिया’ और ‘खेलो झारखंड’ जैसी योजनाओं से ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिल रहा है. इन योजनाओं के तहत गांवों में खेल मैदान तैयार किए जा रहे हैं और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है.

मनोज कुमार ने विजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि खेल में हार-जीत सामान्य बात है, लेकिन मेहनत और लगन से अभ्यास करने वाले खिलाड़ी निश्चित रूप से सफलता प्राप्त करते हैं. उन्होंने युवाओं से अनुशासन और ईमानदारी के साथ खेल भावना को अपनाने का आह्वान किया.

विजेता टीमों एवं खिलाड़ियों के नाम
फुटबॉल: विजेता- स्वामी विवेकानंद यूथ क्लब, गुड़ियाडीह.
उपविजेता- स्वामी विवेकानंद यूथ क्लब, मानिक बाजार.
बालिका 200 मीटर दौड़: प्रथम- रेखा हेस्सा, द्वितीय- बेलमती गोप, तृतीय- रुपाली सरदार.
बालक 200 मीटर दौड़: प्रथम- सागर तियू, द्वितीय- अविनाश वानरा, तृतीय- रितेश वानरा.
रस्सी कूद प्रतियोगिता: प्रथम- रूपाली सरदार, द्वितीय- कविता सरदार, तृतीय- अमिता सरदार.
कार्यक्रम में स्थानीय खिलाड़ियों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया. समारोह का संचालन समिति के सदस्यों ने किया और सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.

