सरायकेला: पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने शनिवार को जिले के आदित्यपुर, आरआईटी एवं गम्हरिया थाना का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, अभिलेख संधारण, मालखाना, हाजत, लंबित कांडों की स्थिति एवं वारंट- इश्तेहार के निष्पादन की प्रगति की समीक्षा की.

एसपी ने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपराध नियंत्रण के लिए क्षेत्र में नियमित गश्ती तेज करने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
उन्होंने गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक कांड का निष्पादन समयबद्ध और साक्ष्य आधारित होना चाहिए ताकि दोषियों को शीघ्र सजा मिल सके.
निरीक्षण के दौरान लंबित कांड, वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की मामलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए एसपी ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून- व्यवस्था संधारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
एसपी ने थाना स्तर पर आम जनता की शिकायतों के त्वरित निपटारे, फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार तथा जनविश्वास मजबूत करने पर भी बल दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आमजन की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करना है.
औचक निरीक्षण से थाना स्तर पर पुलिस पदाधिकारियों में सक्रियता देखी गई. पुलिस अधीक्षक ने कार्यप्रणाली में सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया.

