सरायकेला/ Pramod Singh घर से भटक कर सरायकेला पहुंची वृद्ध महिला आखिरकार दो माह बाद अपने परिवार से मिल गई. गुरुवार को पारलपोषी गांव में मिली अज्ञात महिला को ग्रामीणों की मदद से सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. रविवार को उसके परिजन सरायकेला पहुंचकर उसे सकुशल अपने साथ घर ले गए.

वृद्ध महिला की पहचान खूंटी जिला के तोरपा प्रखंड अंतर्गत अम्बापकना गांव निवासी मद्रासी देवी के रूप में हुई है.
वह करीब दो माह पूर्व घर से निकली थी और रास्ता भटकते हुए सरायकेला पहुंच गई थी. महिला को लेने उसके बड़े पुत्र नीम नारायण और दामाद सकलदेव सिंह परिवार के साथ सदर अस्पताल पहुंचे.
जानकारी के अनुसार गुरुवार को महिला भटकती हुई पांड्रा पंचायत के पारलपोषी गांव पहुंची थी. ग्रामीणों ने इसकी सूचना पूर्व मुखिया वीरेंद्र केराई को दी. उनकी पहल पर महिला को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा था. परिजनों ने बताया कि मद्रासी देवी अक्सर पैदल ही अपनी बेटियों या मायके चली जाती थीं. इस बार भी परिजन यही समझते रहे कि वह किसी रिश्तेदार के घर गई होंगी. जब कई दिनों तक कोई सूचना नहीं मिली तो परिवार ने खोजबीन शुरू की. इसी बीच बिरसा चौक के कोचिंग संचालक लखींद्र नायक ने महिला का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया. वीडियो देखकर महिला की बड़ी बेटी ने अपनी मां को पहचान लिया और अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी परिवार तक पहुंची. इसके बाद परिजन तत्काल सरायकेला पहुंचे और महिला को अपने साथ घर ले गए.

