सरायकेला/ Pramod Singh जिले में सर्प दंश का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है. मंगलवार को सदर अस्पताल सरायकेला में उपचार के दौरान सर्प दंश की शिकार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान राजनगर प्रखंड के गांडीसाई गांव निवासी सालखु हांसदा के रूप में हुई है.

जानकारी के अनुसार सोमवार की रात युवक खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया था. रात को उसे जहरीले सांप ने काट लिया. युवक ने उसे कीड़ा समझकर ध्यान नहीं दिया. मंगलवार सुबह उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन आनन- फानन में उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. चिकित्सकों ने तुरंत एंटी स्नेक वेनम दिया लेकिन देरी हो जाने के कारण जहर पूरे शरीर में फैल गया और उपचार के क्रम में उसकी मौत हो गई.
सदर अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष अब तक 207 सर्प दंश के मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे हैं. जनवरी में 4, फरवरी में 9, मार्च में 16, अप्रैल में 24, मई में 46, जून में 60 और जुलाई में 48 मरीज अस्पताल पहुंचे. इनमें से अधिकांश मरीजों का सफलतापूर्वक इलाज कर घर भेजा गया है.

