सरायकेला: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को स्किल डेवलपमेंट एवं लाइवलीहुड मिशन से संबंधित बैठक आयोजित की गई. बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला नियोजन पदाधिकारी आलोक कुमार तोपनो, श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र रवि शंकर प्रसाद, वाईपी रवि प्रकाश सिंह समेत कई विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि जिले में संचालित कौशल विकास एवं आजीविका संवर्धन योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध और पारदर्शी होना चाहिए. प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को उनकी योग्यता और अभिरुचि के अनुसार रोजगार अथवा स्वरोजगार से जोड़ने की ठोस कार्ययोजना बनाई जाए. उन्होंने औद्योगिक संस्थानों से रिक्तियों की जानकारी लेकर रोजगार मेले के माध्यम से स्थानीय युवाओं के नियोजन का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने स्थानीय स्तर पर उत्पादित वस्तुओं की ब्रांडिंग और बाजार में उचित स्थान दिलाने पर जोर दिया. साथ ही कुकून उत्पादन, सीसीटीवी कैमरा स्थापना, ड्रोन संचालन, सौर उपकरण मरम्मती, होटल प्रबंधन, टूर असिस्टेंट और डेटा एंट्री जैसे क्षेत्रों में युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाने की बात कही.
उन्होंने प्रशिक्षण केंद्रों की गुणवत्ता, प्रशिक्षकों की उपलब्धता और प्रशिक्षुओं की उपस्थिति पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा कि कौशल विकास और आजीविका संवर्धन के जरिए जिले के अधिक से अधिक युवाओं और ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त किया जाएगा.

