सरायकेला/ Pramod Singh होली महापर्व को लेकर क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से सिनी ओपी परिसर में रविवार को शांति समिति की अहम बैठक आयोजित की गई. बैठक में ग्रामीणों के साथ- साथ मुखिया, ग्राम प्रधान एवं शांति समिति के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.

बैठक के दौरान सभी ने एक स्वर में होली को शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाने का संकल्प लिया. पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, नशाखोरी, जबरन रंग लगाने या अशांति फैलाने जैसी घटनाओं से बचने के लिए आपसी समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया.
सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि होली खुशियों और प्रेम का पर्व है. इसे शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि होली में हद पार करने वाले, हुड़दंग या कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी. ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
बैठक के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया. सभी ने भरोसा जताया कि क्षेत्र में होली का त्योहार शांति, सुरक्षा और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न होगा.

