सरायकेला/ Pramod Singh थाना अंतर्गत सीनी ओपी क्षेत्र के ग्राम सिंदरी में झाड़ियों की आग बुझाने के दौरान 58 वर्षीय वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई. आग रिहायशी इलाके की ओर तेजी से बढ़ रही थी, जिसे रोकने की कोशिश में वे उसकी चपेट में आ गए.

मिली जानकारी के अनुसार, सिंदरी गांव में अचानक झाड़ियों में आग लग गई थी. आग स्वर्गीय डोलू महतो के घर की ओर बढ़ रही थी. खतरे को भांपते हुए डोलू महतो बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान आग ने विकराल रूप ले लिया और वे गंभीर रूप से झुलस गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. समय रहते आग नहीं बुझती तो आसपास के कई मकान इसकी चपेट में आ सकते थे.
सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना के बाद गांव में शोक की लहर है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है.

