सरायकेला/ Pramod Singh जिले के सीनी ओपी क्षेत्र से एक युवक के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है. युवक के अचानक गायब होने से परिजनों में चिंता का माहौल है. इस संबंध में परिवार के लोगों ने सीनी ओपी में लिखित आवेदन देकर युवक की तलाश की मांग की है.

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मुरूप, पोस्ट कुकरुहाट निवासी राकेश प्रधान ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनका भतीजा सुमित प्रधान 09 मार्च की सुबह करीब 7.30 बजे घर से निकला था. उस समय उसने गुलाबी शर्ट और काला चप्पल पहन रखा था. उसके पास सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन भी था.
परिजनों के अनुसार सुमित प्रधान साइकिल से घर से निकला था. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की. तलाश के दौरान उसकी साइकिल महालीमुरूप रेलवे स्टेशन के बुकिंग काउंटर के सामने खड़ी मिली. हालांकि युवक का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है.
घटना के बाद से परिजन काफी परेशान हैं और पुलिस प्रशासन से जल्द युवक को खोजने की गुहार लगा रहे हैं. वहीं पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है.

