सरायकेला: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने गुरुवार को सरायकेला स्थित सिदो–कान्हू पार्क का निरीक्षण किया. इस दौरान पार्क में चल रहे जीर्णोद्धार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई.

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पार्क परिसर का पूर्ण समतलीकरण और साफ- सफाई सुनिश्चित की जाए. ओपन जिम उपकरण, कुर्सियाँ और झूले सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से स्थापित हों. टूटे हुए झूले और अनावश्यक सामग्रियों को तुरंत हटाकर परिसर को स्वच्छ व सुरक्षित स्वरूप प्रदान करने का निर्देश दिया गया.

उपायुक्त ने पार्क की हरियाली और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने की बात कही. उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण और विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं.
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि इन कार्यों के समय पर पूर्ण होने से आमजन, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध होगा. साथ ही यह पार्क जिले के लिए एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा.

