सरायकेला/ Pramod Singh प्रखंड के जगन्नाथपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय प्रांगण में श्रमिक चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय निदेशक (जमशेदपुर) राज किशोर गोप ने महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि जब तक समाज में महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक स्थिति में बदलाव नहीं आएगा, तब तक देश प्रगति के पथ पर आगे नहीं बढ़ सकता.

उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षित बेटियां ही समाज के नवनिर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं. सभी माता- पिता का यह राष्ट्रीय कर्तव्य है कि वे अपनी बेटियों को बेहतर तालीम दें.
कार्यक्रम के उद्घाटन भाषण में आरके. गोप ने केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे मेगा फ्लैगशिप कार्यक्रम “डिजिटलाइजेशन: हमारी वर्तमान आवश्यकता” पर बात करते हुए महिलाओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं शिक्षा और जागरूकता से जुड़ेंगी, तभी वे समाज की मुख्यधारा में आगे बढ़ पाएंगी.
उन्होंने नारी शिक्षा को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि महिला श्रम शक्ति की उन्नति तभी संभव है जब वे केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हों. इसी उद्देश्य से इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को केंद्र सरकार की योजनाओं से संबंधित बुकलेट वितरित किया गया. इस आयोजन में 40 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया. कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यक्रम समन्वयक हेमसागर प्रधान, विकास प्रामाणिक, नागेश्वर प्रधान, देवदत्त प्रधान, वार्ड सदस्य कुन्ती देवी तथा आंगनवाड़ी सेविका हेमलता प्रधान और रुपाली देवी सहित कई लोगों का सराहनीय योगदान रहा.

