सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत द्वारा पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में चलाए जा रहे प्लास्टिक मुक्त अभियान का स्थानीय दुकानदारों ने विरोध किया है. अभियान के दौरान कई दुकानदारों ने कार्रवाई के तरीके पर नाराजगी जताई और इसे पक्षपातपूर्ण बताया.

मौके पर पहुंचे नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज चौधरी ने अधिकारियों और कर्मचारियों पर आर्थिक रूप से कमजोर दुकानदारों को निशाना बनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में अतिक्रमण हटाना और प्लास्टिक मुक्त सरायकेला बनाना उद्देश्य है, तो इसके लिए पहले आम जनता और व्यवसायियों के साथ संवाद स्थापित किया जाना चाहिए.
मनोज चौधरी ने कहा कि बिना पूर्व सूचना और वैकल्पिक व्यवस्था के इस तरह की कार्रवाई से छोटे दुकानदारों पर अनावश्यक दबाव पड़ता है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अभियान दोहन या उत्पीड़न की मंशा से चलाया गया, तो इसका जवाब जनप्रतिनिधि और व्यापारी मिलकर देंगे.
उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे किसी प्रकार की नेतागिरी नहीं करते, लेकिन हर मुद्दे का समाधान करना जानते हैं. साथ ही नगर पंचायत से अपील की कि अभियान को जनसहभागिता के साथ चलाया जाए और आम लोगों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए. फिलहाल इस मामले को लेकर नगर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है. हालांकि इस मामले पर नगर पंचायत की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

