सरायकेला/ Pramod Singh जिले में प्रशासनिक पारदर्शिता और राजस्व संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है. झारखंड राज्य में पहली बार सीज (जप्त) बालू की ऑनलाइन नीलामी कराई गई, जिससे सरकारी खजाने को बड़ा लाभ हुआ है.

जिला प्रशासन द्वारा विधिसम्मत और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लगभग 12 लाख घन फीट सीज बालू की ऑनलाइन नीलामी की गई. नीलामी का आधार मूल्य 1.72 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया था, जबकि प्रतिस्पर्धी बोली के बाद अंतिम नीलामी मूल्य 2.30 करोड़ रुपये तक पहुंच गया.
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि यह पहल सुशासन की दिशा में एक प्रभावी कदम है. इससे न केवल अवैध खनन पर नियंत्रण स्थापित होगा, बल्कि राज्य के लिए अतिरिक्त राजस्व स्रोत भी सृजित होंगे. उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस तरह की पारदर्शी और तकनीक आधारित प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जाएगी.

