सरायकेला/ Pramod Singh अनुमंडल में कानून- व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सावेया ने शनिवार को सीनी ओपी का औचक निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले ओपी भवन की स्थिति का जायजा लिया और आधारभूत सुविधाओं की जांच की. साफ- सफाई, अभिलेख कक्ष, मालखाना एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया. इसके पश्चात थाना सिरिस्ता में संधारित सभी महत्वपूर्ण पंजीयों का विस्तृत निरीक्षण किया गया. 17 विभिन्न तख्तियों, थाना दैनिकी, मालखाना रजिस्टर, खतियान सहित अन्य अभिलेखों की जांच की गई. सभी पंजी सुव्यवस्थित एवं अद्यतन पाए गए.
निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की असंतुष्टि व्यक्त नहीं की गई.
निरीक्षण के क्रम में एसडीपीओ ने सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि अभिलेखों का नियमित संधारण सुनिश्चित किया जाए. लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जाए. क्षेत्र में सतत गश्ती अभियान चलाया जाए, ताकि आम जनता में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हो. एसडीपीओ ने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य जनता को लगे कि पुलिस प्रशासन कानून- व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है.

