सरायकेला/ Pramod Singh छऊ नृत्य कला केंद्र की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित की गई.

बैठक में मौजूद कलाकारों और पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से इस वर्ष छऊ नृत्य महोत्सव को भव्य और व्यापक स्वरूप देने का निर्णय लिया.
निर्णय लिया गया कि आयोजन के दौरान स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि क्षेत्र की पारंपरिक कला और कलाकारों को मंच मिल सके.
भव्य समारोह के दौरान स्थानीय कलाकारों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा, साथ ही सम्मान राशि का भुगतान भी सुनिश्चित किया जाएगा.
आयोजन में मुखौटा निर्माण एवं छऊ नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे युवाओं और नवोदित कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा. इसके साथ ही कला और संस्कृति से जुड़े विषयों पर सेमिनार आयोजित किए जाएंगे और सांस्कृतिक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी. कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत की विशेष प्रस्तुति भी शामिल की जाएगी, जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ेगी.
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आयोजन स्थल पर विशाल विकास मेला एवं विभिन्न व्यावसायिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे आमजन को लाभ मिल सके. आर्टिस्ट एसोसिएशन के संरक्षक मनोज कुमार चौधरी ने आयोजन को लेकर सहयोग के लिए अनुमंडल पदाधिकारी को धन्यवाद दिया.
बैठक में प्रभारी निदेशक यस्मिता सिंह, समन्वयक सुदीप कवि, भोला मोहंती, सुशांत महापात्र सहित बड़ी संख्या में छऊ कलाकार उपस्थित थे.

