सरायकेला/ Pramod Singh आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन द्वारा संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह- सह- आकांक्षा हाट 2025 का आयोजन आदित्यपुर स्थित ऑटो क्लस्टर परिसर में किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने की, जबकि जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा एवं उपाध्यक्ष मधुश्री महतो विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे.

इस आयोजन में सरायकेला, गम्हरिया और कुकड़ू प्रखंडों की विकासात्मक उपलब्धियों का प्रदर्शन किया गया. नीति आयोग, भारत सरकार के मार्गदर्शन में संचालित योजनाओं, नवाचारों एवं जनसहभागिता से प्राप्त उपलब्धियों को आम लोगों के समक्ष प्रस्तुत किया गया. साथ ही, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पंचायती राज प्रतिनिधियों, विभागीय कर्मियों, महिला स्वयं सहायता समूहों, शिक्षकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं सामाजिक संस्थाओं को सम्मानित किया गया. अपने संबोधन में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि संपूर्णता अभियान जिले के समेकित विकास को प्रस्तुत करने का प्रभावी मंच है. उन्होंने कहा कि फ्रंटलाइन वर्कर्स, पंचायत प्रतिनिधियों और महिला समूहों की सक्रिय भागीदारी से ही योजनाओं का प्रभावशाली क्रियान्वयन संभव हो सका है. उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आकांक्षी प्रखंडों में संतुलित विकास सुनिश्चित करने हेतु आपसी समन्वय के साथ कार्य करें.
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और शत- प्रतिशत योजनाओं का लाभ पहुंचाना है.
कार्यक्रम के अंतर्गत आकांक्षा हाट का आयोजन भी किया गया.
इसमें महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों द्वारा उत्पादित वस्तुओं की प्रदर्शनी और बिक्री की गई, जिसे आगंतुकों द्वारा सराहा गया. इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, जल प्रबंधन, वित्तीय समावेशन, सामाजिक सुरक्षा एवं स्वच्छता जैसे विषयों पर आधारित विभागीय प्रदर्शनी भी लगाई गई.
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी एवं अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.
कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के आकांक्षी प्रखंडों में समग्र विकास की दिशा में जनसहभागिता को बढ़ावा देना था.

