सरायकेला: साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सेफर इंटरनेट दिवस के अवसर पर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम “Smart Tech, Safe Choices: Exploring the Safe and Responsible Use of AI” थीम पर आधारित था.

कार्यशाला की अध्यक्षता उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने की. इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल विकास कुमार राय, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि साइबर अपराधी फर्जी मोबाइल ऐप, लॉटरी व इनाम का झांसा, फर्जी कूरियर सर्विस, ओएलएक्स जैसे प्लेटफॉर्म, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड और परिजन की गिरफ्तारी का भय दिखाकर लोगों को ठगते हैं. उन्होंने बताया कि साइबर फ्रॉड के बाद शुरुआती 2 से 3 घंटे गोल्डन आवर होते हैं. इस दौरान 1930 हेल्पलाइन पर तुरंत शिकायत करने या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर जानकारी देने से ठगी की राशि बचाई जा सकती है.
उन्होंने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर बल देते हुए अनजान लिंक, फर्जी संदेश और प्रमोशनल कॉल से सावधान रहने की अपील की. साथ ही अधिकारियों और कर्मियों से कहा कि वे अपने आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें.
पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय प्रदीप उरांव ने डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग लिंक और फर्जी निवेश योजनाओं से सावधान रहने को कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह के डिजिटल अरेस्ट से घबराने की जरूरत नहीं है और ऐसी स्थिति में 112 पर तुरंत सूचना दें. उन्होंने बताया कि बैंक कभी भी फोन या संदेश के जरिए ओटीपी, आधार, पैन या बैंक विवरण नहीं मांगते.
साइबर थाना प्रभारी ने ओटीपी, पिन और बैंकिंग जानकारी साझा न करने, अनजान व्हाट्सएप या अंतरराष्ट्रीय कॉल से बचने और सार्वजनिक वाई-फाई पर बैंकिंग लेन-देन न करने की सलाह दी. कार्यशाला में एआई, डीपफेक, सोशल मीडिया सुरक्षा और डिजिटल फ्रॉड पर भी विस्तार से चर्चा हुई.
अंत में उपायुक्त ने सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मियों को सुरक्षित और जिम्मेदार इंटरनेट उपयोग की शपथ दिलाई. कार्यक्रम में पुलिस पदाधिकारी, कार्यपालक दंडाधिकारी, सीएससी मैनेजर, ई-जिला प्रबंधक, डीपीओ यूआईडी, वीएलई सहित कई विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे.

