सरायकेला/ Pramod Singh प्रखंड अंतर्गत मानिकबाजार गांव में जिला परिषद की ओर से करीब 25 लाख रुपए की लागत से 1200 मीटर लंबी पीसीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा. रविवार को जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने नारियल फोड़कर उक्त सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. यह सड़क मांगीलाल महतो के घर से उत्क्रमित मध्य विद्यालय मानिकबाजार तक बनाई जाएगी.

इस मौके पर जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि मानिकबाजार गांव के ग्रामीणों की यह काफी पुरानी मांग थी. सड़क नहीं रहने के कारण गांव के लोगों को लंबे समय से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. कच्ची सड़क होने के कारण बरसात के मौसम में आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता था और कीचड़ के कारण इस पर चलना भी दूभर हो जाता था. सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को होती थी, जिन्हें कीचड़ से बचने के लिए खेतों की पगडंडी से होकर स्कूल जाना पड़ता था.
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों द्वारा सड़क निर्माण को लेकर जिला परिषद कार्यालय में आवेदन दिया गया था. आवेदन पर संज्ञान लेते हुए जिला परिषद की ओर से करीब 25 लाख रुपए की लागत से 1200 मीटर पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है. सड़क निर्माण से गांव के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और खासकर बच्चों की शिक्षा में आ रही परेशानियां दूर होंगी.
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान माइकल महतो और सोनू लेयांगी सहित गांव की दर्जनों महिलाएं और पुरुष उपस्थित थे. ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताई और जिला परिषद अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया.

