सरायकेला: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पूरे जिले में अवैध रूप से सड़क किनारे एवं मुख्य मार्ग पर पार्किंग किए गए वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में शुक्रवार को यातायात थाना प्रभारी के नेतृत्व में जिले के विभिन्न स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया गया.

अभियान के दौरान BMW कंपनी सहित अन्य कई कंपनियों के वाहनों को मुख्य मार्ग और सर्विस रोड पर अवैध रूप से पार्क करते हुए पाया गया. ऐसे वाहनों के कारण सड़क पर आवागमन बाधित हो रहा था और संभावित दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई थी.
यातायात पुलिस द्वारा पूरे जिले में अभियान चलाते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और मुख्य मार्ग व सर्विस रोड पर अवैध रूप से पार्क किए गए कुल लगभग 125 वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई. इस दौरान कुल 2,78,100 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
पुलिस ने सभी वाहन चालकों को सख्त निर्देश दिया कि वे सड़क किनारे, मुख्य मार्ग और सर्विस रोड पर गलत तरीके से वाहन पार्क न करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए ही वाहन चलाएं. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए आगे भी इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा.

