सरायकेला: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह- 2026 के तहत जिले में युवाओं के बीच सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम राजनगर प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित फुटबॉल मैदान में आयोजित हुआ.

कार्यक्रम का संचालन जिला परिवहन विभाग के नेतृत्व में किया गया. आयोजन का मुख्य उद्देश्य खेल और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा के माध्यम से युवाओं को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित वाहन संचालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के प्रति जागरूक करना रहा.

इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी राजनगर, मोटर वाहन निरीक्षक सहित सड़क सुरक्षा टीम के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे. अधिकारियों ने खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा को दैनिक जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाने की अपील की.

अपने संबोधन में अधिकारियों ने कहा कि युवा वर्ग समाज की मजबूत कड़ी है और उनके माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जा सकता है. इस प्रकार के आयोजनों से खेल प्रतिभाओं को मंच मिलता है और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सकारात्मक सोच का भी विकास होता है.

