सरायकेला: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत “सीख से सुरक्षा, तकनीक से परिवर्तन” थीम के तहत बुधवार को सरायकेला- खरसावां जिले के ईचागढ़, गौरांगकोचा एवं चौका क्षेत्र में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया.

ईचागढ़ प्रखंड के विक्रमादित्य प्लस टू उच्च विद्यालय, लेपाटांड में विद्यालय स्तरीय सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के माध्यम से छात्र- छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया.
गौरांगकोचा क्षेत्र में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को हेलमेट का वितरण कर सुरक्षित वाहन परिचालन के लिए जागरूक किया गया. इस दौरान चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट के उपयोग और गति सीमा का पालन करने की अपील की गई.
चौका क्षेत्र में जागरूकता रथ के माध्यम से सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेशों का व्यापक प्रचार- प्रसार किया गया. वहीं गौरांगकोचा में पंपलेट वितरण कर आम लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई.
कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी, ईचागढ़ की प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य उपस्थित रहे. अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और सुरक्षित जीवन सुनिश्चित किया जा सकता है.

