सरायकेला: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह- 2026 के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं सुरक्षित वाहन संचालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ट्रेनिंग स्कूल, सिनी गुरुकुल में गुरुवार को चालक परामर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो ने किया. कार्यक्रम में कुल 70 प्रशिक्षु चालक शामिल हुए.

इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी एवं सड़क सुरक्षा टीम ने प्रशिक्षु चालकों को यातायात नियमों के शत- प्रतिशत अनुपालन, रक्षात्मक ड्राइविंग, वाहन की नियमित फिटनेस जांच, निर्धारित गति सीमा के पालन तथा नशामुक्त वाहन संचालन के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी. साथ ही हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियों के संबंध में व्यवहारिक एवं उद्देश्यपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया गया.

प्रशिक्षु चालकों को यह भी बताया गया कि छोटी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सड़क पर सजगता और अनुशासन अनिवार्य है.
जिला परिवहन पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल व्यक्तिगत विषय नहीं, बल्कि सामूहिक सामाजिक दायित्व है. उन्होंने सभी प्रशिक्षु चालकों को निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण के बाद भी यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदत का हिस्सा बनाएं.
कार्यक्रम को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह- 2026 के उद्देश्यों के अनुरूप एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया. प्रशासन का मानना है कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से जिले में जिम्मेदार चालक तैयार होंगे और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी.

