सरायकेला: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह- 2026 के अंतर्गत जिले के विभिन्न स्थानों पर सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया गया. इस क्रम में जेवियर इंग्लिश स्कूल, तामोलिया में कक्षा 8वीं, 9वीं, 10वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों के लिए विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई और सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई. बच्चों में जागरूकता के साथ रचनात्मक सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया.

स्लोगन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र- छात्राओं को कार्यक्रम के समापन पर शैक्षणिक सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह और जिम्मेदारी की भावना विकसित हुई.
इसके अतिरिक्त गम्हरिया के केपीएस स्कूल के समीप छात्राओं को ले जा रहे सवारी वाहनों की सघन जांच की गई. इस दौरान वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था, चालक के वैध दस्तावेजों और यातायात नियमों के अनुपालन की गहन जांच की गई.

वहीं गम्हरिया थाना के समीप बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को रोककर सड़क सुरक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार जुर्माना अधिरोपित किया गया तथा उन्हें हेलमेट भी उपलब्ध कराया गया, ताकि भविष्य में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके. कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों और विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का सबसे महत्वपूर्ण साधन है. इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो, ट्रैफिक इंस्पेक्टर राजू, दिलीप कुमार, रवि प्रसाद सहित सड़क सुरक्षा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे.

