सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरसा चौक के समीप मुक्ति पोखर के पास शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई. अज्ञात बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान पाटाहेसल गांव निवासी 67 वर्षीय राजाराम महतो के रूप में हुई है. घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राजाराम महतो बोरे में धान लेकर उसे पिसाने के लिए बाइक से सरायकेला आ रहे थे. जैसे ही वह मुक्ति पोखर के समीप मिल की ओर जाने के लिए अपनी बाइक मोड़ रहे थे, उसी दौरान खरसावां की ओर से तेज गति से आ रही एक अज्ञात बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल बुजुर्ग को तत्काल सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलने पर सरायकेला थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके.
इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं इलाके में भी शोक का माहौल है.

