सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में राजनगर प्रखंड के वीएलडब्ल्यू गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना सरायकेला प्रखंड कार्यालय के समीप शनिवार शाम की बताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार अज्ञात स्कॉर्पियो वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बाइक स्कॉर्पियो में फंस गई और वाहन कुछ दूर तक उसे घसीटते हुए ले गया. इस हादसे में बाइक सवार सबरम उरांव (56) गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया गया. जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर कर दिया.
बताया जा रहा है कि सबरम उरांव ईचागढ़ प्रखंड के बूढ़ालांग गांव के निवासी हैं और वर्तमान में राजनगर प्रखंड में वीएलडब्ल्यू के पद पर कार्यरत हैं. शनिवार को वे एक बैठक में शामिल होने के लिए सरायकेला आए थे.
इसी दौरान प्रखंड कार्यालय के पास पीछे से आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में उनके दोनों पैरों में गंभीर चोट आई है. घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.

