सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़बिल चौक पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान आदित्यपुर निवासी अभिनव कुमार के रूप में हुई है.
घटना रात लगभग 10:30 बजे की बताई जा रही है.

मिली जानकारी के अनुसार अभिनव कुमार स्कूटी से खरसावां की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बड़बिल चौक के समीप सरायकेला की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उनकी आमने- सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा.
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने पेट्रोलिंग पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तत्काल सदर अस्पताल सरायकेला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को बीच सड़क पर छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है. घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है.
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती की जरूरत को रेखांकित करता है.

