सरायकेला/ Pramod Singh सरायकेला- जमशेदपुर मार्ग पर गुरूवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जहां कोलाबिरा मार्केट के पास दो बाइक की आमने- सामने टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.

मिली जानकारी के अनुसार रोशन मुखी अपनी बाइक से काम पर जा रहे थे. वह रामकृष्ण फोर्जिंग में कार्यरत हैं. वहीं विकास झा जमशेदपुर से महालीमुरुप की ओर जा रहे थे. सुबह लगभग 6.30 बजे कोलाबिरा मार्केट के समीप दोनों बाइक की सीधी टक्कर हो गई.
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया.
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

