सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र के राजनगर बाईपास सड़क स्थित पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा होते- होते टल गया. तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आकर एक बाइक उसके नीचे जा घुसी. हालांकि बाइक सवार दो युवकों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली. दोनों को हल्की चोटें आई हैं.

मिली जानकारी के अनुसार घायलों की पहचान आलोक महतो और डॉक्टर महतो के रूप में हुई है. दोनों धातकीडीह गांव के निवासी बताए जा रहे हैं. शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वे बाइक से सरायकेला की ओर आ रहे थे.
इसी दौरान NL 01L 3855 नंबर का एक ट्रेलर अचानक राजनगर की ओर मुड़ गया. ट्रेलर लंबा होने के कारण उसका पिछला हिस्सा सड़क पर अधिक फैल गया, जिससे पीछे चल रही बाइक उसकी चपेट में आ गई और टक्कर के बाद बाइक ट्रेलर के नीचे फंस गई.
स्थिति को भांपते हुए दोनों युवक तुरंत बाइक से कूद गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनोज कुमार चौधरी मौके पर पहुंचे, ट्रेलर को रुकवाया और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भिजवाया. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और ट्रेलर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

