सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर के समीप सोमवार को एक अज्ञात हाइवा की चपेट में आकर बाइक सवार दंपत्ति घायल हो गए. घायलों में संगीता महतो (26 वर्ष) और संजय महतो (30 वर्ष) शामिल हैं. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया गया.

सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने संगीता महतो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया. वहीं संजय महतो को मामूली चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार संजय महतो बुरूडीह गांव के निवासी हैं. सोमवार को वह अपनी पत्नी के साथ बाइक से राजनगर अपनी बहन के घर श्राद्ध कर्म में शामिल होने गए थे. कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दंपत्ति बाइक से वापस लौट रहे थे. वापसी के दौरान गोविंदपुर के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात हाइवा ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में बाइक के पीछे बैठी संगीता महतो सड़क पर गिर पड़ीं और उनके सिर में गंभीर चोट आई. दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. घटना सोमवार की दोपहर करीब चार बजे की बताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार हाइवा चालक की तलाश की जा रही है.

