सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र अंतर्गत निलमोहनपुर के समीप फौजी ढाबा के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल सरायकेला पहुंचाया, जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया गया.

मृतक की पहचान गोमा सरदार निवासी जोजो शर्माली (36) के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार मृतक गोमा सरदार सोमवार की शाम किसी काम से अपने गांव से पैदल संजय आया हुआ था. देर रात घर लौटने के दौरान निलमोहनपुर स्थित फौजी ढाबा के समीप जब वह सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना को अंजाम देने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया. हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी. सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद शव को सदर अस्पताल सरायकेला लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया. बताया जा रहा है कि मृतक अविवाहित था और दैनिक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. घटना के बाद परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है.

