सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरसा चौक के समीप रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. अज्ञात हाइवा वाहन ने एक स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई.

हादसे में स्कूटी पर पीछे बैठी पुष्पा मुखी (30), पति चंद्रा मुखी की पत्नी, बुरी तरह जख्मी हो गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को सदर अस्पताल सरायकेला लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर कर दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंद्रा मुखी आदित्यपुर का निवासी है. वह रविवार को अपनी पत्नी पुष्पा मुखी, पांच वर्षीय पुत्र और सात वर्षीय पुत्री के साथ स्कूटी से खरसावां प्रखंड के बड़ाबंबो स्थित अपने ससुराल आया हुआ था. शाम करीब 6:30 बजे परिवार आदित्यपुर लौट रहा था. इसी दौरान सरायकेला के गैरेज चौक के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार हाइवा ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया.
टक्कर के बाद स्कूटी के पीछे बैठी पुष्पा मुखी सड़क पर गिर गई, जहां हाइवा का चक्का उसके हाथ पर चढ़ गया. इस हादसे में उसका हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया और हड्डी टूट गई.
हालांकि स्कूटी चला रहे चंद्रा मुखी और उसके दोनों बच्चों को इस दुर्घटना में कोई चोट नहीं आई.
घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया. पुलिस को भी हादसे की सूचना दे दी गई है. फरार हाइवा की पहचान और तलाश में पुलिस जुटी हुई है.

