सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र के बिरसा चौक के समीप मुक्ति पोखर के पास मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. सड़क किनारे अंधेरे में खड़े एक ब्रेकडाउन हाइवा के पीछे से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई, जिसमें बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान जिलिंगबुरु गांव निवासी राजू पूरती, उम्र 35 वर्ष, के रूप में हुई है.

घटना की सूचना मिलते ही जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को जानकारी दी. उन्होंने घायल अवस्था में राजू पूरती को सरायकेला सदर अस्पताल भेजवाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसा मंगलवार रात करीब 9 बजे हुआ.
मिली जानकारी के अनुसार राजू पूरती मंगलवार को मुर्गा खरीदने के लिए अपनी बाइक संख्या JH05 BF- 2665 से सरायकेला आए थे. रात में लौटते समय मुक्ति पोखर के पास सड़क किनारे खड़े हाइवा संख्या JH05DD- 7503 से उनकी बाइक जा टकराई. हाइवा के पीछे किसी प्रकार का रेडियन या चेतावनी संकेतक नहीं लगाया गया था, जिसके कारण आशंका जताई जा रही है कि अंधेरा होने से बाइक सवार वाहन को देख नहीं पाया और हादसा हो गया.
जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि सड़क किनारे खड़े वाहनों पर चेतावनी संकेतक न होना जिला परिवहन विभाग की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है. वहीं, घटना की सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी विनय कुमार ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

