सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र के नेंगटासाई गांव में दो बाइक की आमने- सामने की टक्कर में तीन बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना सोमवार की देर शाम करीब 7:30 बजे की है. दुर्घटना के बाद दो घायल सवारों को उनके परिजन सीधे टीएमएच जमशेदपुर लेकर चले गए, जिससे उनकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है.

वहीं एक अन्य घायल युवक की पहचान नेंगटासाई निवासी 20 वर्षीय राजेश मुखी के रूप में हुई है. राजेश मुखी को एक निजी वाहन से सरायकेला सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जमशेदपुर रेफर कर दिया. मिली जानकारी के अनुसार नेंगटासाई गांव में उस समय एक फुटबॉल मैच चल रहा था.
राजेश मुखी बाइक से मैच देखने गया था और शाम को घर लौटने के दौरान मुख्य सड़क पर पहुंचते ही विपरीत दिशा से आ रही बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजेश मुखी के एक पैर की हड्डी टूट गई और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं. दूसरी बाइक पर सवार दो लोगों को भी गंभीर चोट लगने की बात कही जा रही है. घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा- तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.

