सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र के रामनगर के समीप मंगलवार की शाम करीब 8 बजे एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर कैनाल में गिर गई, जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की पहचान सीनी सोहनपुर निवासी 27 वर्षीय सुजीत मुखी और चमारू निवासी 28 वर्षीय परेश मुर्मू के रूप में हुई है.

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सदर अस्पताल सरायकेला लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जमशेदपुर रेफर कर दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुजीत मुखी और परेश मुर्मू दोनों एक ही कंपनी में कार्यरत हैं. मंगलवार को घाघी नारायणपुर में आयोजित एक फुटबॉल मैच देखने के लिए परेश ने अपने मित्र सुजीत को बुलाया था. मैच समाप्त होने के बाद सुजीत अपने दोस्त परेश को उसके गांव चमारू छोड़ने के लिए बाइक से निकला था. इसी दौरान रामनगर के समीप एक टर्निंग पर बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधा कैनाल में जा गिरी. हादसे में परेश मुर्मू के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि सुजीत मुखी के जबड़े में गहरी चोट लगी है. पुलिस मामले की जानकारी लेकर जांच में जुट गई है.

